*आस्था की डुबकी, कृतज्ञता का क्षण — अधिकारियों ने सप्तऋषि घाट पर की पूजा-अर्चना*
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेला के सफल और शांतिपूर्ण समापन के बाद शुक्रवार सुबह प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने पवित्र पुष्कर सरोवर के सप्तऋषि घाट पर आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। मेले को निर्विघ्न सम्पन्न कराने के लिए अधिकारियों ने पुष्कर सरोवर के सामने नमन करते हुए आभार व्यक्त किया।
जैसे ही सूर्य की किरणें सरोवर के जल पर पड़ीं, घाट पर वैदिक मंत्रों की ध्वनि गूंज उठी और पूरा वातावरण आध्यात्मिक अनुभूति से भर गया। अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी पारंपरिक विधि से स्नान करते हुए पुष्कर मेला की सफलता को आस्था, सामूहिक प्रयास और टीमवर्क की जीत बताया।
इस पूजा-अर्चना में एसडीएम (उपखण्ड अधिकारी) गुरुप्रसाद तंवर , एडिशनल एसपी दीपक शर्मा, सीओ ग्रामीण रामचन्द्र चौधरी, यातायात पुलिस सीओ आयुष वशिष्ठ, तहसीलदार इंद्रजीत सिंह, नगर परिषद आयुक्त जनार्दन शर्मा, थानाधिकारी विक्रम सिंह, सब इंस्पेक्टर छीतरलाल वैष्णव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
पूजा-अर्चना तीर्थ पुरोहित नरेश रायता के सानिध्य में सम्पन्न हुई, जहाँ ब्रह्मा–सावित्री वेद अध्ययन केंद्र के आचार्य पंडित रामकरण शर्मा, आचार्य पंडित देवेश कुमार तिवाड़ी तथा वेदपंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान कराया। मंत्रों की ध्वनि और सरोवर की लहरों का संगम वातावरण को और दिव्य बना रहा।
अधिकारियों ने कहा कि पुष्कर मेला का शांतिपूर्ण संचालन सभी विभागों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कामना की कि आने वाले वर्षों में भी पुष्कर मेला इसी अनुशासन, श्रद्धा और पवित्रता के साथ नई ऊँचाइयों को छुएगा।
*आस्था की डुबकी, कृतज्ञता का क्षण — अधिकारियों ने सप्तऋषि घाट पर की पूजा-अर्चना*
